
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही से जच्चा और गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में पीड़ित परिवार ने ड्यूटी पर तैनात नर्स साधना शाह, रेखा नागित और प्रिया पटेल को शिकायत में नामजद करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
परिजनों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, सीएमएचओ, सिविल सर्जन और संबंधित थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि डिलीवरी के दौरान ऑपरेशन कराने के बजाय जबरन सामान्य प्रसव कराने का प्रयास किया गया और महिला के पेट पर दबाव बनाया गया। विरोध करने पर बीच-बचाव करने आई महिला को धक्का देकर घायल करने तथा ₹10,000 की मांग करने का भी आरोप लगाया गया है।
परिवार का दावा है कि कथित लापरवाही के कारण जच्चा और गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। इसलिए संबंधित नर्सों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए।
इस मामले में सिविल सर्जन ने कहा है कि अस्पताल स्तर पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पीड़ित परिजन केवल विभागीय कार्रवाई नहीं बल्कि संबंधित नर्सों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।




