सिंगरौली
बरगवां शराब दुकान से जुड़े लोगों पर ढाबा कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई का आरोप
तीन कर्मचारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

भोर 4 बजे खाना नहीं मिलने पर विवाद बढ़ा, 7–8 लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में स्थित ओड़गड़ी के मधुबन ढाबा में सोमवार तड़के करीब 4 बजे जमकर हंगामा और मारपीट होने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बरगवां शराब दुकान से जुड़े 7–8 लोग ढाबे पर खाना खाने पहुंचे। उस समय ढाबा बंद होने के कारण कर्मचारियों ने खाना देने में असमर्थता जताई, जिससे विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इसके बाद आए लोगों ने ढाबा कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घायलों का इलाज जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




