गाजियाबाद
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही मोदी सरकार : नवाब सिंह नागर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के उपलक्ष्य में लोनी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जेसीबी से पुष्पवर्षा करते हुए आतिशबाजी और जोरदार नारों के साथ जोरदार स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए नवाब सिंह नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और उनके सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प डॉ. मुखर्जी की दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रही है। साथ ही लघु एवं मध्यम उद्योगों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने, आधुनिक हाईवे, संस्थानों और आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ किसानों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में जनसहभागिता और जनसहयोग को अत्यंत आवश्यक बताया।
भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री आशीष वत्स ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों से प्रेरित होकर भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्रहित के कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
सांसद अतुल गर्ग ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि नवाब सिंह नागर के नेतृत्व में भाजपा संगठन वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज करेगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर जुटेगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन में हजारों की संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राम कुमार त्यागी और जिला मंत्री कृष्ण बंसल ने किया। इस अवसर पर सभासद दल के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, रुपेन्द्र चौधरी, अमित तोमर सहित अनेक सभासदगण तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूद रहे।





