बरेली
90 विवेचनाओं की समीक्षा: 4 विवेचकों के खिलाफ प्रारम्भिक जांच के आदेश
SSP ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। जनपद में अपराधों के प्रभावी अनावरण एवं विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार को कैम्प कार्यालय पर समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में थाना प्रेमनगर, कैंट, क्योलड़िया एवं फरीदपुर के क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं 24 विवेचकों के साथ कुल 90 विवेचनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रत्येक प्रकरण की प्रगति का परीक्षण करते हुए सभी विवेचकों को साक्ष्य-आधारित, निष्पक्ष एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूर्ण कर विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान विवेचना में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर SSP ने 4 विवेचकों के खिलाफ प्रारम्भिक जांच के आदेश दिए। इनमें थाना फरीदपुर के उपनिरीक्षक ध्यानन्द शर्मा, उपनिरीक्षक सौरभ सिसौदिया तथा थाना कैंट के उपनिरीक्षक भीष्म सिंह एवं उपनिरीक्षक इंजार हुसैन शामिल हैं।
बैठक में प्रेम प्रसंग से संबंधित 6 ऐसे प्रकरण जिनमें अपहृता की बरामदगी अभी तक नहीं हो सकी है, की विशेष समीक्षा की गई। SSP ने शीघ्र बरामदगी हेतु अलग-अलग टीमों का गठन कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि इन चारों थानों की विवेचनाओं की पुनः समीक्षा15 जुलाई 2026 को की जाएगी। साथ ही समीक्षा में उत्कृष्ट एवं समयबद्ध विवेचना कर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विवेचकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।




