बागपत

रोटरी क्लब बड़ौत ने लगाया निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर

130 मरीजों की हुई जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
बड़ौत। रोटरी इंटरनेशनल की बड़ौत शाखा द्वारा समाज सेवा के उद्देश्य से बड़ौली रोड स्थित 1008 पारसनाथ दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बड़ौत की सीओ अंशु जैन मौजूद रहीं। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली तथा मरीजों और चिकित्सकों से भी बातचीत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर अत्यंत सराहनीय पहल हैं। समय पर आंखों की जांच और उचित उपचार से कई गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने रोटरी क्लब बड़ौत द्वारा समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं। उन्होंने क्लब के पदाधिकारियों, चिकित्सकों और स्वयंसेवकों को शिविर के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति और संस्था को जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए।
शिविर में खेकड़ा स्थित ए.डी.के. जैन नेत्र चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। कुल 130 मरीजों की ओपीडी की गई, जिनमें से 26 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। इन सभी मरीजों का ऑपरेशन खेकड़ा स्थित अस्पताल में किया जाएगा तथा उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेजा जाएगा।
रोटरी क्लब बड़ौत के अध्यक्ष अखिल जैन, सचिव संजीव जैन, कोषाध्यक्ष अमित आनंद तथा गौरव चौधरी, सुनील जैन, भारत जैन, मनजीत बेदी, नवीन जैन और अनिल अरोड़ा सहित क्लब के अनेक सदस्यों ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग दिया।
क्लब के इमेज चेयरपर्सन प्रभात कुमार जैन ने बताया कि चिकित्सा शिविर पूरी तरह सफल रहा और लोगों ने इसका भरपूर लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यक्रम इसी प्रकार आयोजित करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button