बेखौफ अपराधियों ने कारगिल चौक के पास बंगाल ज्वैलर्स से लाखों के जेवरात और 5 लाख नगद लूटे
दहशत फैलाने के लिए चलाईं 6 राउंड गोलियां

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोड्डा। जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्ततम और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में अपराधियों ने पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दी है। नगर थाना क्षेत्र के कारगिल चौक से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित काली मंदिर के समीप बंगाल ज्वैलर्स में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 5 लाख रुपये से अधिक की नगदी लूट ली। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए बड़े आराम से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार शाम करीब 7:30 बजे की है। यह वह समय होता है जब कारगिल चौक और आसपास के इलाके में भारी भीड़ होती है और लोग चाय-नाश्ते की दुकानों पर व्यस्त रहते हैं। इसी बीच अचानक बंगाल ज्वैलर्स की दुकान से गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
विरोध करने पर चलाई गोली, हटिया चौक की ओर भागे अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दुकान की तरफ दौड़े, अपराधियों ने भीड़ को पीछे धकेलने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी देख लोग अपनी जान बचाने के लिए पीछे हट गए। करीब 20 मिनट तक दुकान के अंदर लूटपाट मचाने के बाद, अपराधी अपनी बाइक पर सवार हुए और हवा में गोलियां दागते हुए हटिया चौक की तरफ तेजी से फरार हो गए। अपराधी जिस वक्त भाग रहे थे उस वक्त पीछे बैठे बदमाश एक हाथ में लूटे गए सामानें से भरे थैले तथा दूसरे हाथ में पास्टल पकडे हुए था।
दुकानदारों में भारी आक्रोश
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पीड़ित दुकानदार वासु राय का रो-रोकर बुरा हाल है। दुकान मालिक की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय दुकानदारों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कुछ देर के लिए मुख्य सड़क को जाम कर दिया। देखते ही देखते सुरक्षा के लिहाज से बाजार की तमाम दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं और पूरे गोड्डा बाजार में सन्नाटा पसर गया।



