बेतुल
बैतूल पटवारी संवर्ग का लंबित कैडर रिव्यू शीघ्र लागू कर पदोन्नति दी जाए
पटवारी संघ ने 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। मप्र पटवारी संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान के अंतर्गत जिला अध्यक्ष मोहनलाल धुर्वे के नेतृत्व में जिले की समस्त तहसीलों के तहसील अध्यक्षों, तहसील सचिवों एवं पटवारियों ने मुख्यमंत्री के नाम से जिला प्रशासन को 5 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर संघ के जिला अध्यक्ष मोहनलाल धुर्वे ने कहा कि पटवारी संवर्ग की वर्षों से लंबित समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की मांग करते हुए चेतावनी दी गई कि यदि समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश संगठन के आह्वान पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में प्रमुख रूप से पटवारी संवर्ग का लंबित कैडर रिव्यू तत्काल लागू कर पात्र पटवारियों को पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ दिए जाने की मांग की गई। नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा नियमित रूप से आयोजित करने की बात रखी गई। संघ का कहना है कि वर्ष 2018 के बाद परीक्षा आयोजित नहीं हुई है, जिससे योग्य पटवारियों की पदोन्नति प्रभावित हो रही है। जिला उपाध्यक्ष कमल धोटे ने कहा कि पटवारियों को लोक सेवक संरक्षण (प्रोटेक्शन) एक्ट के दायरे में शामिल किया जाए। बृजलाल भलावी व जिला सचिव धर्मेंद्र हिग्वे ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत वर्षों से लंबित मानदेय एवं वित्तीय भुगतानों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही गई, जिससे पटवारियों को उनके कार्यों का समय पर पारिश्रमिक मिल सके। जिला संरक्षक राजीक अली ने स्थानांतरण नीति के विपरीत किए गए पटवारी संघ के पदाधिकारियों के स्थानांतरण निरस्त करने तथा कर्मचारी समस्याओं के समाधान के लिए नियमित परामर्शदात्री बैठक आयोजित करने की मांग की। इस अवसर पर जिला संरक्षक राजिक अली सहित जिले के पटवारी मौजूद थे।



