गाजियाबाद

अधिवक्ता ने साइबर सेल में दी तहरीर

अभद्र व्यवहार व मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गाजियाबाद :  सिविल कोर्ट गाजियाबाद की अधिवक्ता कामना सिंह ने पुलिस उपायुक्त, साइबर क्राइम अपराध शाखा को अपना शिकायती पत्र देकर कुछ लोगों पर मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार अभद्र व्यवहार, अश्लील गाली-गलौज, मानसिक उत्पीड़न और परिवार के सदस्यों को भी परेशान करने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, गुरुवार को एक मोबाइल नंबर से अधिवक्ता के फोन पर लगातार कई कॉल की गईं। आरोप है कि कॉल रिसीव करने पर उनके साथ अश्लील भाषा का प्रयोग, अभद्र व्यवहार और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। अधिवक्ता कामना सिंह का कहना है कि बार-बार मना करने के बावजूद फोन कॉल का सिलसिला लगातार जारी रहा।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्तियों ने उनके पति, जो वर्तमान में फ्रैक्चर के कारण बेड रेस्ट पर हैं, उनकी वृद्ध सास एवं अन्य पारिवारिक सदस्यों को भी लगातार फोन कर अभद्र व्यवहार करना जारी रखा। इसके अलावा आसपास के लोगों से संपर्क कर परिवार के बारे में कथित रूप से अपमानजनक बातें कहकर सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने का भी आरोप लगाया गया है।
अधिवक्ता कामना सिंह ने पूरे प्रकरण को सुनियोजित उत्पीड़न बताते हुए साइबर क्राइम शाखा से एफआईआर दर्ज कर मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल, डिजिटल साक्ष्यों एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button