मथुरा
बलदेब के खड़ैरा घाट श्मशान मार्ग पर जलभराव
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
मथुरा। बलदेव के खड़ैरा घाट श्मशान घाट जाने वाले मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से लोग परेशान हैं। सड़क पर लंबे समय से जलभराव, गंदगी और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। बारिश के कारण यहां स्थिति और ज्यादा विकराल हो गई है। मंगलवार को एक शवयात्रा को घुटनों तक भरे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ा, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। खड़ैरा घाट दो दर्जन से अधिक गांवों का श्मशान स्थल है। यह अंतिम संस्कार के लिए जाने का एकमात्र रास्ता है। 300 मीटर लंबे हिस्से में जलभराव और कीचड़ से पैदल चलना भी मुश्किल है। संजीव गोयल, छैल बिहारी वैद्य, सोनू अग्रवाल और सोनू पांडेय आदि ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर गड्ढों के कारण लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जानकारी होने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। सुधाकर उपाध्याय, शिवा उपाध्याय, उमेश पांडेय, मुकेश अग्रवाल, करण अग्रवाल, सौरभ पांडेय, गौरव पांडेय, जवाहर उपाध्याय, अवधेश दुबे, अवधेश तेहरिया, डोरीलाल पाठक, बंटू तेहरिया आदि ने प्रशासन से इस समस्या के समाधान की मांग की है।



