गोड्डा
कुशवाहा समाज की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक व विशाल आमसभा 25 व 26 जुलाई को कानपुर में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के तत्वावधान में आगामी 25 और 26 जुलाई को उत्तर प्रदेश के कानपुर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक और एक विशाल आमसभा (ओपन सेशन) का आयोजन होने जा रहा है। अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा ने कहा कि इस भव्य आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए महासभा ने पूरे देश, विशेषकर उत्तर प्रदेश और पड़ोसी राज्यों में अपनी ताकत झोंक दी है। उन्होंने समाजबंधुओं का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह कुशवाहा समाज की एकता, संगठन की मजबूती, सामाजिक चेतना और हमारे भविष्य की दिशा तय करने का एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की भव्यता और सफलता सुनिश्चित करने के लिए उत्तर प्रदेश के सभी जिलों, तहसीलों और प्रखंडों में ‘तैयारी समिति’ की बैठकों का दौर शुरू कर दिया गया है।
महासभा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, बुद्धिजीवियों, युवाओं और मातृशक्ति (महिलाओं) से अपील की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ‘घर-घर संपर्क अभियान’ चलाएं। समाज के हर वर्ग को जागरूक कर अधिक से अधिक संख्या में कानपुर पहुंचने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रत्येक जिला, प्रत्येक प्रखंड और प्रत्येक गांव से समाजबंधुओं की सहभागिता ही हमारी संगठनात्मक शक्ति का असली परिचय होगी। 26 जुलाई 2026 को होने वाले विशाल ओपन सेशन में समाज की अभूतपूर्व भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया जा चुका है। महासभा के नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि समाजबंधुओं का हर एक कदम समाज को नई दिशा देगा और उनकी सहभागिता संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। कानपुर की धरती से कुशवाहा समाज अपनी एकता, जागरूकता और सामूहिक शक्ति का भव्य प्रदर्शन कर स्वाभिमान का एक नया इतिहास रचने के लिए तैयार है। महासभा ने चलो कानपुर के नारे के साथ समाज के सभी प्रबुद्ध जनों से इस महा-समागम का हिस्सा बनने की पुरजोर अपील की है।



