रांची

विश्व जनसंख्या दिवस पर रांची में संवेदीकरण कार्यशाला आयोजित, उत्कृष्ट स्वास्थ्यकर्मी सम्मानित

Sensitization workshop held in Ranchi on World Population Day; outstanding health workers honored.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को होटल बीएनआर चाणक्या, रांची में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से संवेदीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी थे। इस अवसर पर जनसंख्या नियंत्रण एवं परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सहियाओं, एएनएम, स्वास्थ्यकर्मियों एवं अधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही अंतरा, इम्प्लांट एवं पीपीएफ से संबंधित जागरूकता पोस्टरों का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रिम्स पर बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए केंद्र सरकार से रांची में एम्स की स्थापना का आग्रह किया गया है, जबकि रिम्स-2 की दिशा में भी कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी सदर अस्पतालों में सी-सेक्शन प्रसव के लिए विशेष केंद्र स्थापित करने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की योजना पर काम किया जा रहा है। साहिया बहनों की समस्याओं से भी केंद्र सरकार को अवगत कराया गया है तथा उनके लिए 400 छोटे एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इसके अलावा राज्य के सभी जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने और नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या के बीच बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। परिवार नियोजन कार्यक्रमों को प्रभावी बनाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार लाने और प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या को चुनौती नहीं बल्कि मानव संसाधन के रूप में अवसर मानते हुए उसके कौशल विकास और बेहतर उपयोग की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण नियंत्रण तथा शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों से और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के कारण मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए जागरूकता, परिवार नियोजन और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को आवश्यक बताया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन रांची डॉ. प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. पुष्पा सहित कई चिकित्सकों एवं अधिकारियों ने जनसंख्या वृद्धि से उत्पन्न चुनौतियों, परिवार नियोजन के महत्व तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित कार्यक्रमों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न जिलों के चिकित्सक, सिविल सर्जन, स्वास्थ्यकर्मी, सहिया, एएनएम, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Show More

Nurul Islam

PRABHARI (MANDAL)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button