जालौन

सड़क सुरक्षा का कराएं पालन, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई – जिलाधिकारी

 रॉन्ग साइड, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा विशेष अभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन : जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने परिवहन, पुलिस एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने तथा तेज गति से वाहन संचालित करने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के साथ-साथ आमजन को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए गए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने सभी अवैध कट तत्काल चिन्हित कर बंद कराए जाएं। यदि कोई व्यक्ति पुनः अवैध रूप से कट खोलता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कट सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनते हैं, इसलिए इस पर किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों के किनारे बालू, ईंट, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखकर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाया जाए। अतिक्रमण हटाने के साथ सामग्री जब्त कर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब अथवा निष्क्रिय अवस्था में खड़े वाहनों को तत्काल हटवाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात सुचारु बना रहे और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो। नगर निकायों को शहर क्षेत्र में लगे अवैध होर्डिंग, बैनर एवं अन्य अवैध विज्ञापन सामग्री हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध होर्डिंग न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकते हैं। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों से जुर्माना भी वसूला जाए। जिलाधकारी ने नगर पालिका परिषद के समस्त 34 वार्डों के जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए निर्देशित किया कि वार्डों में मार्ग प्रकाश व्यवस्था, नाला सफाई आदि का सत्यापन कर रिपार्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े मामलों में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जनपद में सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था स्थापित करना सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, सीओ राजीव शर्मा, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अमित सक्सेना, महेन्द्र सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button