गोड्डा

ऑनलाइन जनसेवाओं को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न ई-गवर्नेंस परियोजनाओं, डिजिटल सेवाओं, ऑनलाइन जनसेवा वितरण प्रणाली तथा सूचना प्रौद्योगिकी आधारित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि शासन की विभिन्न सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने में ई-गवर्नेंस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा संचालित सभी ऑनलाइन सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ आमजनों तक सुनिश्चित किया जाए तथा सेवा वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उपायुक्त ने विभागवार ऑनलाइन सेवाओं की स्थिति, पंचायतवार सीएससी की समीक्षा, झारनेट की समीक्षा, लंबित आवेदनों, सेवा निष्पादन की समय-सीमा, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण, पोर्टल संचालन, तकनीकी समस्याओं एवं उनके समाधान की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने पोर्टलों को नियमित रूप से अद्यतन रखें तथा नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। बैठक में डिजिटल इंडिया अभियान के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के अधिकाधिक उपयोग से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं दक्षता सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर डिजिटल सेवाओं के प्रभावी संचालन पर बल दिया।
साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि नागरिकों को ऑनलाइन सेवाओं के प्रति अधिक से अधिक जागरूक किया जाए, ताकि वे विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ घर बैठे डिजिटल माध्यम से प्राप्त कर सकें। तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान, साइबर सुरक्षा मानकों के पालन तथा सेवा गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक मे डीडीसी विस्पुते श्री कांत यशवंत, अपर समाहर्ता इन्दर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी प्रमोद कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद सिंह, ई -डिस्ट्रिक्ट मैनेजर हेमंत कुमार दास, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी से जुड़े सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारीगण, तकनीकी अधिकारीगण एवं अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button