गाजियाबाद

कांवड़ मार्ग पर गंदे पानी का जलभराव

अफसरों की फाइलों में सफाई पूरी, सड़क पर गंदगी का साम्राज्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर से बंद फाटक होते हुए बेहटा हाजीपुर जाने वाले कांवड़ मार्ग पर नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। मुख्य मार्ग पर सीवर चोक होने के कारण गंदा पानी तेज दबाव के साथ ढक्कन उठाकर सड़क पर बह रहा है। धीरे-धीरे जलभराव बढ़ता जा रहा है और बदबू व गंदगी के बीच राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है।
राजनगर कॉलोनी के नागरिकों ने इस समस्या को लेकर आईजीआरएस पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए कांवड़ मार्ग के सीवरों की सफाई कराने और उनमें जमी गंदगी निकलवाने की मांग की थी। लेकिन शिकायतों का निस्तारण कागजों में तो हो गया, जबकि मौके पर हालात जस के तस बने हुए हैं। ऐसा लगता है कि अधिकारियों ने शायद सीवर नहीं, सिर्फ फाइलों की सफाई की है।
हैरानी की बात यह है कि पिछले एक महीने में यह तीसरी बार है जब इसी मार्ग पर सीवर चोक हुआ और गंदा पानी सड़क पर फैल गया। इससे साफ जाहिर होता है कि लोनी की सफाई व्यवस्था संभाल रही एबीए इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड की कार्यप्रणाली कितनी जिम्मेदार है। यदि नियमित सफाई होती तो बार-बार यही स्थिति पैदा नहीं होती।
नगर पालिका परिषद के वार्ड-41 के सभासद अंकुश जैन ‘मिकू’ भी इस समस्या को लेकर पहले ही अधिशासी अधिकारी को पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रा को देखते हुए मार्ग पर सीवर सफाई, जल निकासी और अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक धरातल पर कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
अब सवाल यह है कि जब कुछ ही दिनों में हजारों कांवड़ श्रद्धालु इसी मार्ग से गुजरेंगे, तब क्या उनका स्वागत गंगाजल से होगा या सीवर के गंदे पानी से? यदि कांवड़ियों को बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा तो यह नगर पालिका, जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की छवि उनके मन में केसी होगी यह तो आने वाला समय ही बताएगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि लोनी में लगता है सीवर चोक होना कोई समस्या नहीं, बल्कि एक “नियमित सरकारी प्रक्रिया” बन चुकी है पहले शिकायत करो, फिर जांच हो, उसके बाद कागजों में समाधान और आखिर में सड़क पर वही गंदगी। अब यह समझना मुश्किल है कि प्रशासन कांवड़ यात्रा की तैयारी कर रहा है या कांवड़ियों के धैर्य की परीक्षा लेने की तैयारी।
इस मार्ग के निवासी टिल्लू प्रधान,धर्म सिंह भाटी, राजपाल राठी, विनोद पांचाल, अनिल प्रजापति,सुक्रम तोमर,लाल भाटी अमित, बिट्टू तोमर छोटे लाल आदि ने  मांग की है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले युद्धस्तर पर सीवरों की सफाई कराकर जलभराव और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा सफाई कंपनी की कार्यप्रणाली की भी जवाबदेही तय की जाए।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button