गोड्डा
झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न
- उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने महिला महाविद्यालय गोड्डा, प्लस टू उच्च विद्यालय गोड्डा सहित अन्य परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं यथा: कक्षाओं में बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी की सक्रियता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को बारीकी से परखा। इस दौरान उपायुक्त ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से परीक्षा संचालन से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा की प्रत्येक प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराई जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा कदाचार की संभावना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक अभ्यर्थी को सुरक्षित, निष्पक्ष एवं तनावमुक्त परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी एवं सजगता से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित हो। जिला प्रशासन द्वारा पूरे परीक्षा अवधि में सतत निगरानी रखी जा रही है ताकि परीक्षा का आयोजन पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।



