बेतुल
बैतूल एआईबीई पास कर भैंसदेही की बेटी चंदा पानसे बनीं पूर्णकालिक अधिवक्ता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। नगर की होनहार बेटी एवं श्री मुन्ना पानसे की सुपुत्री एडवोकेट चंदा पानसे (आश्विनी पानसे) ने प्रतिष्ठित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (एआईबीई) सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर भैंसदेही क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि के साथ उन्हें देशभर में पूर्णकालिक अधिवक्ता के रूप में विधि व्यवसाय करने की पात्रता प्राप्त हो गई है। उनकी सफलता से परिवार, समाज और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
चंदा पानसे ने विधि शिक्षा पूरी करने के बाद निरंतर अध्ययन, अनुशासन और अथक मेहनत के बल पर ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन में सफलता हासिल की। यह परीक्षा अधिवक्ताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है और इसे उत्तीर्ण करने के बाद ही अधिवक्ता न्यायालयों में पूर्ण रूप से विधि व्यवसाय करने के पात्र होते हैं।
इस उपलब्धि पर परिवारजनों, अधिवक्ताओं, मित्रों, समाजजनों और शुभचिंतकों ने चंदा पानसे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने विश्वास जताया कि वे ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ न्याय के क्षेत्र में कार्य करते हुए वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
जयस प्रभारी सोनू पानसे ने चंदा पानसे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संघर्ष ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है और सफलता उसी संघर्ष का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि चंदा की उपलब्धि पूरे भैंसदेही क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भी चंदा पानसे की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे भैंसदेही की बेटियों के बढ़ते आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता का प्रतीक बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि चंदा पानसे अपने कार्यों से भैंसदेही, बैतूल जिले और मध्यप्रदेश का नाम न्याय के क्षेत्र में गौरवान्वित करेंगी।



