
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी (गाजियाबाद)। लोनी में कानून-व्यवस्था और रात्रि गश्त के दावों की पोल उस समय खुलती नजर आई जब इंद्रपुरी पुलिस चौकी से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित परमहंस गेट के सामने मकान संख्या सी-90, इंद्रपुरी में चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना स्थल सहायक पुलिस आयुक्त (अंकुर विहार) कार्यालय और इंद्रपुरी पुलिस चौकी के बेहद निकट होने के बावजूद बदमाश आराम से वारदात कर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी में करीब 17 से 18 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिसमें लगभग ढाई लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर शामिल हैं।
बताया गया कि मकान में रहने वाले दो भाई पंकज इंटरप्राइजेज इलेक्ट्रॉनिक्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं, जबकि तीसरे भाई अरविंद कुमार बागपत जनपद के डगरपुर तिगरी गांव स्थित जूनियर हाई स्कूल में शिक्षक हैं।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 3 बजे उनकी आंख खुली तो घर के दरवाजे खुले मिले। परिवार के अन्य सदस्यों को जगाने पर पता चला कि अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी और आभूषण चोरी कर लिए गए हैं। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
हालांकि, पुलिस चौकी और एसीपी कार्यालय के इतने करीब हुई इस बड़ी चोरी ने रात्रि गश्त, पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब पुलिस की मौजूदगी वाले इलाके में ही चोर बेखौफ होकर लाखों की चोरी कर सकते हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


