बरेली
जौहर विश्वविद्यालय पर कार्रवाई प्रतिशोध की राजनीति
छात्रों के भविष्य को प्राथमिकता देने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक अताउर रहमान, जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव व महानगर अध्यक्ष शमीम खाँ सुल्तानी ने पार्टी कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय, रामपुर के मामले पर बयान दिया।
अताउर रहमान ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय हजारों छात्रों के सपनों का केंद्र है। कोई विवाद है तो समाधान कानून और न्यायालय से होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष से जुड़े संस्थानों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे शिक्षा प्रभावित हो रही है। छात्रों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
शुभलेश यादव ने कहा कि सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। शिक्षा संस्थानों को विवादों में घसीटना ठीक नहीं।
शमीम खाँ सुल्तानी ने कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया जरूरी है। किसी कार्रवाई से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो। वार्ता के दौरान सुरेंद्र सोनकर, रविन्द्र सिंह यादव, अशोक यादव, जितेंद्र मुंडे, राम सेवक प्रजापति, राजेश मौर्य, शमीम अहमद, अंशु गंगवार मौजूद रहे।


