गोड्डा
मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर सरकारी होम्योपैथिक कॉलेज के छात्र अनिश्चितकालीन धरने पर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, परसपानी में मूलभूत सुविधाओं की कमी और लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं ने अनिश्चितकालीन शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरना से पूर्व छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कॉलेज में कई वर्षों से शैक्षणिक, प्रशासनिक और आधारभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। इसके कारण पढ़ाई, प्रशिक्षण और छात्रों का भविष्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों और सक्षम अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद अब तक समस्याओं का समाधान नहीं हो सका है। छात्रों की प्रमुख मांगों में शिक्षकों की नियुक्ति, अंतःरोगी (आई.पी.डी.) विभाग की व्यवस्था, लैब उपकरणों की उपलब्धता, कॉलेज तक संपर्क सड़क का निर्माण, नियमित बिजली-पानी की सुविधा, एम्बुलेंस की व्यवस्था, इंटर्न छात्रों को प्रशिक्षण शुल्क का भुगतान एवं इंटर्न छात्रावास की सुविधा तथा अंतः विभाग में मॉडर्न मेडिसिन कंसल्टेंट की नियुक्ति शामिल है।
छात्र आशीष रंजन ने बताया कि पिछले कई वर्षों से कॉलेज की मान्यता को लेकर भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। झारखंड का यह एकमात्र सरकारी होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय होने के बावजूद राज्य सरकार द्वारा अपेक्षित पहल नहीं की जा रही है। इससे समय-समय पर कॉलेज की मान्यता पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो जाता है, जिसका सीधा असर छात्रों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर सभी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अहिंसात्मक रहेगा तथा किसी भी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़ या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गतिविधियों का वे समर्थन नहीं करेंगे। वहीं, इस संबंध में सिविल सर्जन ने कहा कि मामले को लेकर उपायुक्त से बातचीत की जाएगी। छात्रों की जो भी जायज मांगें हैं, उन्हें पूरा कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। मौके पर अजय कुमार, रोशन राज, सुमिरन, अंकित, संदीप, सुमिरन, किसलय, सुमित, जावेद, निकिता, मुस्कान, प्रभा, कविता, अर्पिता, रीतेश सहित काफी संख्या में छात्र छात्रा मौजूद थे।



