गाजियाबाद
लोनी बॉर्डर से बंद फाटक तक कांवड़ मार्ग पर जलभराव और कीचड़ से बढ़ा खतरा
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई सफाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : एक ओर प्रदेश सरकार और प्रशासन आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक तैयारियों का दावा कर रहे हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी संवेदनशील मार्गों का निरीक्षण कर गड्ढे भरने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, झाड़ियां हटाने, सफाई और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर लोनी बॉर्डर से बंद फाटक तक कांवड़ मार्ग की बदहाल स्थिति प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर सीवर पूरी तरह चोक पड़े हैं और नाले की पर्याप्त सफाई नहीं कराई गई है। इसके चलते हल्की बारिश में भी सड़क पर जलभराव हो जाता है। सड़क पर बदबूदार कीचड़ और फिसलन होने से कांवड़ियों सहित आम राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
यह मार्ग विशेष महत्व रखता है क्योंकि हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली से आने वाले हजारों शिवभक्त इसी रास्ते से पवित्र कांवड़ लेकर गुजरते हैं। बावजूद इसके यात्रा मार्ग पर गंदगी, जलभराव और फिसलन की समस्या लगातार बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार नगरपालिका और प्रशासन को लिखित शिकायतें देकर सीवरों की सफाई तथा कांवड़ मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते सफाई और मरम्मत नहीं कराई गई तो यात्रा के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिक ओम शर्मा ‘टिल्लू प्रधान’ ने बताया कि उन्होंने तहसील दिवस में भी इस समस्या की शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन इसके बावजूद कांवड़ मार्ग की सफाई नहीं कराई गई। उनका कहना है कि जब शासन स्तर से कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए हैं, तब लोनी के इस महत्वपूर्ण मार्ग की उपेक्षा समझ से परे है।
गौरतलब है कि मेरठ सहित अन्य जिलों में प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करते हुए सड़क मरम्मत, गड्ढे भरने, झाड़ियां हटाने, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, स्ट्रीट लाइट ठीक कराने और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यात्रा मार्ग पर मांस एवं शराब की दुकानों को बंद रखने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
ऐसे में स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि लोनी बॉर्डर से बंद फाटक तक कांवड़ मार्ग पर तत्काल सीवरों की सफाई, नालों की सिल्ट निकासी, जलभराव की समस्या का समाधान और सड़क की सफाई कराई जाए, ताकि देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले शिवभक्तों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा मिल सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।




