झुंझुनू
संघर्ष समिति का किसानों एवं मज़दूरों के हक और अधिकार के लिए गांव-गांव जनसंपर्क

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं चंवरा। उदयपुरवाटी किसान मजदूर संघर्ष समिति व जल संघर्ष समिति के अध्यक्ष नत्थू राम कामरेड ने रविवार को पचलंगी गांव में किसानों एवं मजदूरो से मिलकर उनकी समस्याओं को उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की किसान मजदूर विरोधी गलत नीतियों के कारण किसान तथा मजदूर सड़क पर आ चुका है। वहीं सरकारी कर्मचारियों को महज 6 से 8 घंटे काम करना पड़ता है और पूरे महीने में 20 दिन ही काम करते हैं तथा सैलरी भी लाखों में दी जाती है जबकि प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले मजदूर 10 से 12 घंटे नाममात्र की पगार पर मजदूरी करने को मजबूर हैं। जो गरीब मजदूरों पर कुठाराघात है। महंगाई की मार से किसानों और मजदूरों की कमर टूट गई है। किसान और मजदूर आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। नत्थू राम सैनी किसानों और मजदूरों की समस्यायों को लेकर गांव गांव जाकर उनके हक और अधिकार के लिए जागरुक कर रहे हैं। सैनी ने कहा कि केंद्र तथा राज्य की गूंगी बहरी सरकार को जगाने के लिए 29 जुलाई को दिल्ली तालकटोरा स्टेडियम में ज्यादा से ज्यादा लोगों को आने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। वहीं 10 अगस्त को जेल भरो आंदोलन किया जाएगा उसके लिए भी हर क्षेत्र में गांव गांव किसान और मजदूर को सूचित जा रहा है। इसी क्रम में हर दिन गांव गांव मीटिंग करने का प्रावधान रखा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को जोधपुरा व मंगलवार को ककराना की मीटिंग रखी है। इस दौरान संतलाल, बाबूलाल, रोहिताश, घनश्याम, मुकेश,नाथू राम, ताराचंद,द्वारका प्रसाद, जगदीश,छोटू राम, संदीप, मुकेश, प्रहलाद, मोहनलाल, बाबूलाल पटेल, ताराचंद आदि उपस्थित रहे।



