
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सावन में कावड़ियों को शुद्ध और मिलावट रहित भोजन मिले, इसके लिए जिलाधिकारी के आदेश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कमर कस ली है।
सहायक आयुक्त खाद्य-2 के निर्देश और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल के नेतृत्व में मंगलवार को विभाग की 5 टीमों ने प्रमुख कावड़ मार्गों पर ताबड़तोड़ चेकिंग की। रामगंगा पुल से पहले, सुभाष नगर, लाल फाटक से बैरियर-2, सेटेलाइट, झुमका तिराहा से सीबीगंज और बदायूं रोड पर स्थित ढाबे, होटल, रेस्टोरेंट, ठेले, रेहड़ी और फल विक्रेताओं को एक-एक कर खंगाला गया। 12 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पूरे दिन अभियान चलाया।
विभाग ने आज 168 प्रतिष्ठानों पर ‘Food Safety Connect App’ का QR कोड और टोल फ्री नंबर चस्पा किया। अब तक कुल 857 प्रतिष्ठान इस दायरे में आ चुके हैं। QR कोड स्कैन करते ही ग्राहक को प्रतिष्ठान की पूरी जानकारी मिल जाएगी और सीधे शिकायत भी दर्ज हो सकेगी। चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने साफ-सफाई और हाइजीन पर विशेष जोर दिया। खाद्य कारोबारियों को सख्त हिदायत दी गई कि खाने-पीने की चीजों में रंग और खुले मसाले बिल्कुल इस्तेमाल न हों। सिर्फ ताजे फल बिकें, ताजा भोजन ही परोसा और रखा जाए। कटे-सड़े फल बेचने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
खाद्य विभाग का कहना है कि सावन भर कावड़ मार्गों पर ऐसी सघन जांच लगातार जारी रहेगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो।




