नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : कोतवाली लोनी क्षेत्र के अशोक विहार स्थित अखाड़े वाली गली में बुधवार दोपहर करीब 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने गली में एक युवक को सुबह से बीमार अवस्था में पड़ा देखा था। दोपहर तक जब युवक में कोई हरकत नहीं हुई तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।


