खैरथल
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश एवं समिति के सदस्यगणों ने जन अभियोग एवं विकास कार्यों को गति प्रदान करने के संबंध में विस्तृत चर्चा की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई, जिसमें जिले के विकास व जन अभियोग विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने कहा कि जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक में आमजन से जुड़े प्रमुख अभाव अभियोगों एवं मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा कर निराकरण किया जाता है। उन्होंने इस दौरान बिजली, पानी के बिलों से संबंधित, बिना लाइसेंस की मीट की दुकानें, देर रात तक शराब बिक्री, गौ हत्या, ऑटो टिपर कचरे का निस्तारण इत्यादि पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने समिति के सदस्यगणों को आश्वस्त किया कि समिति के समक्ष रखे गए सुझावों एवं समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही कर निश्चित समयसीमा में इनका शत-प्रतिशत समाधान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त समिति के सदस्यगणों ने सड़क निर्माण, पेयजल, स्वास्थ्य, कचरा संग्रहण एवं अतिक्रमण संबंधी समस्याओं से अवगत कराया जिस पर जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में इनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह सहित समिति के सदस्यगण मौजूद रहें।


