खैरथल
नक्शा पायलट प्रोजेक्ट के तहत संचालित सर्वे कार्य का आयुक्त ने किया निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलक्टर अतुल प्रकाश के निर्देशानुसार नगर परिषद भिवाड़ी के आयुक्त सुरेश कुमार मीणा ने गुरुवार को भारत सरकार एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी नक्शा पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत भिवाड़ी शहर में संचालित सर्वे कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि नक्शा पायलट प्रोजेक्ट शहर की भूमि की सही पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं सर्वे टीम को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने तथा सर्वे के दौरान सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि वे भारत सरकार एवं राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि सर्वे टीम को आधार कार्ड, संपत्ति संबंधी अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर सर्वे कार्य को सफल बनाने में सहयोग दें, ताकि भूमि अभिलेखों का सटीक डिजिटलीकरण एवं शहर की भूमि की सही पहचान सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता धर्मेन्द्र सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


