पाकुड़

भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में भाजयुमो का धरना, सीबीआई जांच की मांग

BJYM stages sit-in protest against alleged corruption in recruitment exams; demands CBI probe.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखंड में आयोजित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से शनिवार को जिला समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने किया। धरना में बड़ी संख्या में भाजयुमो एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरना को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिलाध्यक्ष दीपक साहा ने आरोप लगाया कि झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठने से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इन कथित मामलों की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन कथित पेपर लीक और परीक्षा घोटालों के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उनका आरोप था कि सरकार इन मामलों को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे युवाओं में निराशा और आक्रोश बढ़ रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी ने अपने संबोधन में आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे पर दोहरी राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस छात्रों के हितों की बात करती है, वहीं दूसरी ओर उसके समर्थन से चल रही झारखंड सरकार भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित मामलों पर मौन है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के हितों की रक्षा के लिए इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को दंडित किया जाना चाहिए। धरना-प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त पाकुड़ के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, रतन भगत, पंकज साह, पार्वती देवी, सुशांत घोष, जीतू सिंह, अमित पांडेय, धर्मेंद्र त्रिवेदी, प्राची चौधरी, निधि गुप्ता, बापी रजवाड़, संजय सिंह, दुलाल सिंह, सुबोध घोष, अनिता देवी, राजा मंडल, लिपिका मंडल, कलामी सरदार, सुशीला पहाड़िन, अमर कुमार, चंदन गुप्ता, लाल्टू साहा, सुनील मुर्मू, चंदन मंडल, मिथुन साहा, रोहित सिंह सहित भाजपा एवं भाजयुमो के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button