बाराबंकी
कांवड़ यात्रियों के लिए असेनी मोड़ पर शिविर शुरू
जिला प्रशासन ने श्रावण मास में की विशेष व्यवस्थाएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बाराबंकी। श्रावण मास के अवसर पर कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए बाराबंकी के असेनी मोड़ पर चिकित्सा एवं फलाहार शिविर का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह के निर्देशों पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी, नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल के नेतृत्व में इन शिविरों का आयोजन किया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) निरंकार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट विद्यांशु शेखर झा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया।
इन शिविरों में स्वास्थ्य विभाग की एक चिकित्सकीय टीम कांवड़ यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है और आवश्यक परामर्श प्रदान कर रही है। जरूरतमंद श्रद्धालुओं को निःशुल्क औषधियां भी वितरित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, यात्रियों को यात्रा के दौरान राहत और आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से फल, पेयजल और अन्य आवश्यक जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थाएं पूरी संवेदनशीलता एवं सतर्कता के साथ संचालित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्राथमिक उपचार, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रहा है। प्रशासन सेवा, सुरक्षा और सुविधा के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्यरत है।


