शामली

घर में घुसकर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने का आरोप, तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। कस्बा ऊन निवासी एक महिला की तहरीर पर पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट, महिलाओं से अभद्रता, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में एक नामजद व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी तहरीर में सुमन पत्नी सुनील कुमार ने बताया कि 27 जुलाई को कस्बा ऊन निवासी सोनू उनके घर पहुंचा और कथित रूप से जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया। आरोप है कि 29 जुलाई की शाम आरोपी फिर उनके घर आया और उनके साथ मारपीट की। विरोध करने पर उनके पुत्र सन्नी तथा पुत्रियों वंशिका और काजल के साथ भी मारपीट की गई तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।महिला का आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे मिडिल स्कूल के पास सोनू अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उनके पुत्र सन्नी को रोककर मारपीट करने लगा। आरोपियों ने उसे घायल अवस्था में छोड़ दिया। परिजन सन्नी को पुलिस चौकी ऊन ले गए, जहां से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर सोनू व दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button