बरेली
नियमित टीकाकरण में शामिल हुई एचपीवी वैक्सीन, राज्यपाल ने किया शुभारंभ
बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर, अब हर बुधवार-शनिवार लगेगा टीका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से नियमित टीकाकरण में एचपीवी वैक्सीन को शामिल करने का शुभारंभ किया। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित शिविर में 11 किशोरियों का टीकाकरण हुआ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि अप्रैल से चल रहे विशेष अभियान के बाद अब हर बुधवार और शनिवार को 14 वर्ष तक की किशोरियों को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन की एक खुराक दी जाएगी। जिले में अब तक 25,053 किशोरियों का टीकाकरण हो चुका है। लक्ष्य 55,336 में से 45.3% कवरेज के साथ बरेली प्रदेश में पहले स्थान पर है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि भदपुरा, नवाबगंज, बहेड़ी, शेरगढ़ और बरेली अर्बन में कवरेज कम है। नोडल अर्बन डॉ. अजमेर सिंह ने स्कूलों में जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
एनएचएम की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश दिए हैं।



