गाजियाबाद
नशीला पदार्थ सुंघाकर ई-रिक्शा लूट ले गए बदमाश
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं; चौकी के चक्कर काटता रहा पीड़ित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि दिनदहाड़े एक ई-रिक्शा चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर उसकी ई-रिक्शा लूट ले गए। पीड़ित का आरोप है कि घटना की लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय उसे कई दिनों से पुलिस चौकी के चक्कर कटवाए, जिससे पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं।
मुस्तफाबाद कॉलोनी निवासी शाहिद ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके अनुसार 29 जुलाई को दोपहर करीब तीन बजे वह दो नंबर बस स्टैंड से लालबाग जाने के लिए चार युवकों को ई-रिक्शा में बैठाकर चला था। रास्ते में किकर के जंगल के पास उन युवकों ने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया और ई-रिक्शा रुकवाया।
पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही उसने ई-रिक्शा रोकी, सभी छह युवकों ने उसे दबोच लिया और कोई नशीला पदार्थ सुंघा कर आरोपी उसकी ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। शाहिद का कहना है कि उसे देर रात करीब एक बजे होश आया, जिसके बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा।
अगली सुबह उसने लालबाग पुलिस चौकी में घटना की लिखित शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही आरोपियों की तलाश के लिए कोई कार्रवाई की। इसके बजाय पुलिस द्वारा उसे बार-बार चौकी बुलाकर कार्यवाही करने की बजाए टालमटोल किया जा रहा है।
पीड़ित का कहा कि उसकी आजीविका का एकमात्र साधन ई-रिक्शा थी, जिसके लूट जाने से उसके परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उसने अब वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर मुकदमा दर्ज कराने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करने का निर्णय लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पीड़ित के आरोप सही हैं, तो यह मामला पुलिस की लापरवाही और संवेदनहीन रवैये को उजागर करता है। घटना के कई दिन बाद भी एफआईआर दर्ज न होना और पीड़ित को चौकी के चक्कर लगवाना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि वरिष्ठ अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर क्या कार्रवाई करते हैं।



