नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील में बाइक चोरी के दो मामलों का पुलिस करीब एक माह बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। पीड़ितों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद न तो उनकी बाइक बरामद की गई और न ही मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों ने डीआईजी सहारनपुर से कार्रवाई की मांग की है। थाना क्षेत्र के गांव इस्सोपुरटील निवासी रजनीश ने बताया कि विगत 1 जुलाई को वह गांव के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने गया था। इस दौरान उसने अपनी बाइक मंदिर के बाहर खड़ी की थी, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 और थाना पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।इसी प्रकार 21 जुलाई को गांव निवासी दीपक पुत्र प्रीतम की भी शिव मंदिर के बाहर खड़ी बाइक चोरी हो गई थी। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन उसका आरोप है कि न तो बाइक बरामद की गई और न ही मुकदमा दर्ज किया गया।मंगलवार को दोनों पीड़ितों ने डीआईजी सहारनपुर को शिकायती पत्र भेजकर बाइक चोरी के मामलों में मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा बाइक बरामद कराने की मांग की है।इस बीच क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि थाना स्तर पर कार्यशैली को लेकर लोगों में नाराजगी है। कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत किए जाने की बात कही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


