बरसाना-ऊंचागांव में पहली ही बारिश में किनारे से धंसी की सड़क
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। बरसाना में पहली ही तेज बारिश ने बरसाना-ऊंचागांव मार्ग पर कराए गए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गोवर्धन ड्रेन की पटरी पर करीब आठ माह पूर्व बनाई गई सड़क राधाबाग पुलिया के मोड़ पर किनारे से धंस गई। बारिश के पानी के साथ सड़क की मिट्टी लगातार बहने से यहां बड़ा और गहरा गड्ढा हो गया है। इससे मार्ग पर हादसे का खतरा बना हुआ है। खासकर रात के समय यह गड्ढा वाहन चालकों और श्रद्धालुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। राधाबिहारी इंटर कॉलेज से ऊंचागांव जाने वाले मार्ग पर ड्रेन की दोनों पटरियों पर करीब डेढ़-डेढ़ किलोमीटर तक सड़क का 5.5-5.5 मीटर चौड़ीकरण और किनारों के सुदृढ़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड ने कराया था। विभाग के अनुसार, मार्ग का कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। वहीं, आगे ऊंचागांव तक करीब डेढ़ किलोमीटर मार्ग में पेड़ों का कटान नहीं होने के कारण काम अटका हुआ है। ड्रेन की पटरी पर राधाबाग के सामने नवनिर्मित पुल के पास बारिश के दौरान सड़क के किनारों से मिट्टी बहने लगी। चार दिन में ही सड़क का एक बड़ा हिस्सा कटकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया। लगातार हो रही बारिश के कारण गड्ढा और चौड़ा होता जा रहा है। यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का क्षतिग्रस्त हिस्सा और बढ़ सकता है और मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। इस मार्ग से राधारानी रोपवे और ऊंचागांव जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों और वाहनों की भी आवाजाही रहती है। इसके बावजूद क्षतिग्रस्त हिस्से के आसपास अभी तक कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए हैं। दिन में तो गड्ढा दिखाई दे जाता है, लेकिन रात में इसके कारण हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। कस्बे के बलराम ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वाहन गुजरते हैं। सड़क के बीच बने गड्ढे को खुला छोड़ना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। प्रशासन को तत्काल सुरक्षा के इंतजाम कराने के साथ क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत करानी चाहिए।



