
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से आरम्भ होकर 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान में सोमवार को तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया गया।
जिला सचिवालय से दोपहर 1 बजे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, विद्यार्थियों एवं सभी वर्गों की सहभागिता से तिरंगा रैली/यात्रा का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ पूर्व विधायक रामहेत यादव एवं जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। तिरंगा यात्रा जिला सचिवालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए अंबेडकर सर्किल तक पहुंची। इस दौरान यात्रा में शामिल जन प्रतिनिधि, विद्यार्थियों सहित आमजन हाथ में तिरंगा थामे हुए उत्साहपूर्वक देशभक्ति के नारे लगाते हुए चले।
अंबेडकर सर्किल पहुंच कर पूर्व विधायक रामहेत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि तिरंगा भारत के स्वाभिमान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। जहां एक ओर तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्र भावना को सशक्त किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर हर घर तिरंगा अभियान से देश को एक सूत्र में बांधने का अभियान जारी है। यवाओं के साथ-साथ सभी राष्ट्रीय चेतना से जाग्रत हों और संविधान के आदर्शों की रक्षा करने का संकल्प लें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, पीआरओ अतर सिंह, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, उप सभापति वरूण डाटा, टिंकू सरदार, बनवारी आर्य,सतीश चौहान,घनश्याम भारती,मनीष शर्मा,किसान नेता टिल्लू शर्मा, रामबाबू, तरुण, ओमप्रकाश मांधु, ध्रुव, सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।



