मथुरा

श्रीकृष्ण जन्मभूमि की सड़क पर कचरा फैलाने वाले दुकानदारों पर ठोका जुर्माना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पास गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने जुर्माना लगाया है। सोमवार देर रात करीब 12:00 बजे औचक निरीक्षण पर पहुंचे नगर आयुक्त ने दोबारा गंदगी मिलने पर दुकानों को सील करने की चेतावनी दी है। वहीं, स्ट्रीट लाइट बंद होने और खंभों पर स्ट्रीट लाइट न होने पर जेई पर नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त रात में अचानक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य द्वार, गेट नंबर-1 से गेट नंबर-2 और पोतरा कुंड के आसपास के क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान चार दुकानों के सामने भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक-पॉलिथीन, कुल्हड़ और अन्य कचरा बिखरा हुआ मिला। इस पर चारों दुकानदारों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगा दिया। नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि दुकान के सामने अथवा सार्वजनिक स्थल पर किसी भी प्रकार की गंदगी मिली तो दुकान सील की जाएगी। दुकानदारों को डस्टबिन रखने के निर्देश देने के साथ ही कहा वे स्वयं भी गंदगी न फैलाएं और अपनी दुकान के आसपास किसी अन्य व्यक्ति को भी गंदगी फैलाने की अनुमति न दें। निरीक्षण के दौरान कुछ स्ट्रीट लाइट बंद पाई गईं, जबकि एक स्थान पर स्ट्रीट लाइट पोल पर लाइट लगी हुई नहीं थी। नगर आयुक्त ने मोबाइल से फोटो लेकर अवर अभियंता विद्युत को स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को सही करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button