शामली

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन घायल, एक की मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव जसाला के निकट भारत पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़ने के बजाय लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार थाना भवन थाना क्षेत्र के गांव भैसानी इस्लामपुर निवासी आस मोहम्मद अपने पुत्र सोहेल और वारिश के साथ बाइक पर सवार होकर गांव गंगेरू में मजदूरी करने के लिए जा रहे थे। तीनों लोग बाइक से जसाला गांव के निकट भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। कुछ ही देर में 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल आस मोहम्मद, सोहेल तथा वारिश को उपचार के लिए कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में वारिश की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल और बाद में पोस्टमार्टम गृह पहुंचे। हादसे से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। उधर, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के  लिए भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।समाचार लिखे जाने तक मामले में परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button