मेरठ

स्वतंत्रता दिवस पर गूंजा पत्रकार एकता का संकल्प, प्रेस क्लब में शान से लहराया तिरंगा

आजादी की लड़ाई में पत्रकारों का भी रहा बड़ा योगदान: अजय चौधरी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को द प्रेस क्लब, मेरठ द्वारा प्रेस क्लब परिसर में गरिमापूर्ण ढंग से ध्वजारोहण किया गया। प्रेस क्लब के संरक्षक एवं वरिष्ठ पत्रकार इन्द्र मोहन आहूजा, संरक्षक संतराम पांडे तथा उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मेरठ अध्यक्ष अजय चौधरी ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। उपस्थित पत्रकारों ने देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपज के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मेरठ अध्यक्ष अजय चौधरी ने स्वतंत्रता आंदोलन में पत्रकारों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश को आजादी दिलाने में पत्रकारों और कलमकारों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से जनजागरण किया, अंग्रेजी हुकूमत की नीतियों का विरोध किया और देशवासियों में राष्ट्रभक्ति एवं स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया। आजादी के बाद भी पत्रकारिता लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता, निष्पक्षता और निर्भीकता लोकतंत्र को और मजबूत करती है।
प्रेस क्लब के संयोजक दिनेश चन्द्रा ने सभी पत्रकार साथियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेरठ में जल्दी ही विधिवत तरीके से प्रेस क्लब खुलना चाहिए। प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए केवल भवन नहीं, बल्कि उनकी आवाज, अधिकार और एकजुटता का प्रतीक है।
प्रेस क्लब के संरक्षक इन्द्र मोहन आहूजा ने पत्रकारों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। वहीं दूसरे संरक्षक संतराम पांडे ने कहा कि पत्रकारों को एकजुट करने के लिए पत्रकार बिरादरी में से ही किसी को ‘सरदार पटेल’ बनकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि एकता के बिना पत्रकार समाज अपनी ताकत का प्रभावी उपयोग नहीं कर सकता।
जन समाधान मीडिया ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन शाकाल तथा शाहीन परवीन ने भी अपने विचार रखते हुए पत्रकारों की एकजुटता और मजबूत संगठन की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान के पूर्व संपादक पुष्पेंद्र शर्मा, प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष मुकेश गोयल, अनिल पुरोहित, त्रिनाथ मिश्रा, विजय वर्मा, अक्षय चौधरी, विनोद गोस्वामी, शाह फिरोज सैफी, अनवर वारसी, ओमपाल ठाकुर, उत्कर्ष मलिक, शाहीन परवीन, पूजा रावत, रीशु चौधरी, नैना त्यागी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। इसके अलावा मंगल पांडे नगर समिति के सचिव देवेंद्र तोमर तथा सामाजिक कार्यकर्ता अदिति चन्द्रा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
ध्वजारोहण समारोह में देश की स्वतंत्रता के साथ-साथ पत्रकारिता की स्वतंत्रता, पत्रकारों की एकजुटता और मेरठ में पत्रकारों के लिए स्थायी एवं स्वतंत्र प्रेस क्लब की आवश्यकता का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button