खैरथल

राजस्थान की पारंपरिक पोशाकों मे लोकनृत्यो की प्रस्तुति के साथ मनाया लहरिया उत्सव 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

खैरथल। सावन की हरियाली व उमंग के बीच में लहरिया उत्सव धूमधाम से मनाया। महिलाओं को एक मंच पर जोड़ने व राजस्थानी लोक संस्कृति एवं परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया। उत्सव का आयोजन परशुराम भवन मातौर रोड़ पर किया गया।

उत्सव में महिलाएं रंग-बिरंगी लहरिया, बंधेज व चुनरी की पारंपरिक पोशाकों में नजर आईं। मेहंदी रचे हाथ, पारंपरिक आभूषण व सिर पर ओढ़नी ने आयोजन स्थल को सावन के रंगों से सराबोर कर दिया। महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में महिलाओं ने घूमर सहित विभिन्न राजस्थानी लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दीं। सतरंगी लहरिया, तारा री चुनड़ी व सावन आयो रे जैसे लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया।

ब्राह्मण महिला संगठन की अध्यक्ष मीना शर्मा ने बताया कि उत्सव का उद्देश्य समाज की महिलाओं में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता व सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। समापन पर महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का स्वाद चखा। महिलाओं ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर देते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button