गोड्डा

गोड्डा एसपी ने ली मासिक अपराध गोष्ठी

सख्त कार्रवाई और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए कड़े निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी अनुमंडल पुलिस अधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य शाखा प्रभारियों ने भाग लिया। गोष्ठी के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वाहन चेकिंग एवं सघन अभियान: वाहन दुर्घटनाओं, चोरी और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए थाना प्रभारियों को स्थान बदल-बदल कर सघन वाहन चेकिंग और M.V. Act के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
नशा व अवैध कारोबार पर प्रहार: अवैध शराब, कोरेक्स, गांजा समेत अन्य मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी करने वालों के अड्डों पर छापेमारी कर संलिप्त लोगों को चिह्नित करते हुए विधि-सम्मत कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
चोरी व संपत्ति मूलक अपराधों पर रोक: मोटरसाइकिल चोर गिरोहों पर विशेष निगरानी रखने और चोरी/गृहभेदन के मामलों में सामानों की बरामदगी के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया। साथ ही आपराधिक छवि वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखकर निगरानी सूची (गुंडा पंजी) अद्यतन करने का निर्देश दिया गया। वित्तीय व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा: सभी बैंकों, एटीएम, ज्वेलरी शॉप्स और अन्य महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। कांडों का त्वरित निष्पादन व वारंट तामिली: CCTNS में समय पर डेटा प्रविष्टि, लंबित कांडों के त्वरित निस्तारण, लक्ष्य निर्धारित कर लंबित वारंट व कुर्की के निष्पादन तथा फरार/फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी का आदेश दिया गया।
अवैध खनन पर नकेल: खनन विभाग और अंचल अधिकारी (CO) के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध खनन की रोकथाम हेतु कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
महिला सुरक्षा एवं आपात सेवा: महिलाओं के विरुद्ध अपराध की सूचना या आवेदन मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, डायल 112 से प्राप्त सूचनाओं पर तुरंत कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजने का आदेश दिया गया। चरित्र सत्यापन एवं जन-शिकायतें: पुलिस मुख्यालय, महानिरीक्षक कार्यालय और हेल्पलाइन से प्राप्त आवेदनों, पासपोर्ट सत्यापन तथा लंबित चरित्र सत्यापन का ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button