सिंगरौली

तेज बारिश के बीच एसपी की आमजन से अपील

लापरवाही न बरतें, नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से रहें दूर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली:- जिले में लगातार हो रही तेज बारिश और कई स्थानों पर बन रही तेज बहाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के.एम. शियाज़ ने सिंगरौली की आम आवाम से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। एसपी ने कहा है कि बारिश के दौरान छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि आवश्यक कार्य न हो तो बारिश के दौरान घर पर ही रहें। नदी, नाले, रपटे, झरनों, पुल-पुलियाओं और तेज बहाव वाले स्थानों के आसपास जाने से पूरी तरह बचें। विशेष रूप से बारिश के मौसम में इन स्थानों पर पिकनिक या घूमने के लिए जाना खतरनाक हो सकता है।

पानी के ऊपर से गुजरती सड़क या पुलिया पार न करें

एसपी के.एम. शियाज़ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जहां सड़क, रपटा या पुलिया के ऊपर पानी बह रहा हो, वहां किसी भी परिस्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें। पानी की गहराई और बहाव का सही अनुमान लगाना मुश्किल होता है। कुछ क्षणों की जल्दबाजी जान पर भारी पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले रास्तों से दूरी बनाए रखें और सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें। वाहन चालकों से भी अपील की गई है कि पानी भरे मार्ग में वाहन उतारकर जोखिम न लें।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर रहें खास सतर्क

पुलिस अधीक्षक ने अभिभावकों से विशेष आग्रह किया कि वे बच्चों को नदी-नालों, रपटों, पुल-पुलियाओं और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास न जाने दें। बारिश के दौरान पानी के साथ बहकर आए गड्ढे और खुले नाले दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।

पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का करें पालन

एसपी ने नागरिकों से अपील की कि मौसम की स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी स्थान पर तेज बहाव या जलभराव की स्थिति दिखाई दे तो जोखिम लेने के बजाय तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाएं।
पुलिस अधीक्षक के.एम. शियाज़ ने आमजन से भावपूर्ण अपील करते हुए कहा कि पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सतर्क है, लेकिन आपकी जागरूकता और सावधानी भी उतनी ही जरूरी है।
बारिश थमने का इंतजार किया जा सकता है, लेकिन एक हादसे के बाद अवसर वापस नहीं आता। इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अपने परिवार को भी सुरक्षित रखें।

सिंगरौली पुलिस की अपील—लापरवाही नहीं, सावधानी चुनें। आपकी जिंदगी अनमोल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button