
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन के निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में शुक्रवार सुबह चल रहा निर्माण कार्य अचानक चीख-पुकार में बदल गया। कुछ मिनट पहले तक जहां मजदूर निर्माण कार्य में जुटे थे, वहीं अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे आ गिरी। देखते ही देखते भारी शटरिंग और मलबे के नीचे चार मजदूर दब गए। हादसा होते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। साथी मजदूर और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन भारी मलबे के कारण दबे लोगों को बाहर निकालना आसान नहीं था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। राहत और बचाव कार्य शुरू कराया गया। शटरिंग के नीचे दबे मजदूरों तक पहुंचने के लिए मलबा हटाने और लोहे के भारी हिस्सों को अलग करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने कड़ी मेहनत के बाद मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन हिस्से में शटरिंग लगाकर ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग का बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा। इसके साथ ही वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। शटरिंग और मलबा भारी होने के कारण राहत कार्य में भी दिक्कत आई। एक-एक हिस्से को हटाकर मजदूरों तक पहुंचने का प्रयास किया गया।



