बरेली
बरेली डिपो की बसों में पकड़े गए 20 बेटिकट यात्री, दो टीआई सस्पेंड

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के लखनऊ मुख्यालय के प्रवर्तन दल ने बरेली डिपो की बसों में औचक चेकिंग कर 20 यात्रियों को बिना टिकट पकड़ा। कार्रवाई के बाद दो टीआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
प्रवर्तन दल ने बरेली-हल्द्वानी रूट की बस संख्या यूपी 78 एलटी 5178 की जांच की, जिसमें 15 यात्री बिना टिकट मिले। वहीं बरेली-बदायूं रूट पर 5 यात्री बेटिकट पाए गए। मौके पर परिचालक मनोज कुमार गुप्ता और चालक हरविंदर कुमार की भूमिका की भी जांच की गई।
बताया गया कि हल्द्वानी रूट पर लंबे समय से कम आमदनी की शिकायत मिल रही थी। यात्रियों ने भी टिकट न देने की शिकायत की थी। इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद अजीम ने मुख्यालय से औचक चेकिंग का आग्रह किया था।
रिपोर्ट के आधार पर बरेली-हल्द्वानी रूट के टीआई प्रदीप कुमार गुप्ता और बरेली-बदायूं रूट के टीआई भानु प्रताप सिंह को निलंबित किया गया।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने चेतावनी दी कि टिकट व्यवस्था में लापरवाही पर किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



