भंडारीदह में एमएमडीआर बिल के विरोध में झामुमो की बैठक
राज्य के राजस्व हितों की रक्षा का लिया संकल्प

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। एमएमडीआर बिल के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक भंडारीदह में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डुमरी के युवा नेता सह केंद्रीय सदस्य झामुमो राजू महतो ने की। बैठक में डुमरी क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ-साथ नावाडीह एवं चंद्रपुरा प्रखंड के झामुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।बैठक में एमएमडीआर बिल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस बिल से झारखंड के राजस्व को भारी नुकसान होने की आशंका है। राजस्व में कमी आने की स्थिति में राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के प्राकृतिक संसाधनों से मिलने वाले राजस्व का लाभ राज्य की जनता को मिलना चाहिए। झामुमो नेताओं ने एमएमडीआर बिल के खिलाफ एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी कार्यकर्ता हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। साथ ही गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को बिल के संभावित प्रभावों की जानकारी देने की बात कही गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे राजू महतो ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और राज्यहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर नावाडीह प्रखंड अध्यक्ष सोनाराम , प्रखंड सचिव गुलाम सरवर , चन्द्रपुरा प्रखंड अध्यक्ष बालमुकुंद महतो सचिव सुभाष महतो गौरी शंकर महतो, जयलाल महतो, लोकेश्वर महतो मोहम्मद समीद सहित कई झामुमो पदाधिकारी उपस्थित रहे। छात्र नेता मोहम्मद हुसैन, अल्पसंख्यक नेता नौशाद एवं किसान नेता नसीम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने एमएमडीआर बिल के खिलाफ अपनी आवाज को मजबूत करने तथा राज्य के राजस्व एवं जनहित की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा गया।



