बोकारो

एनएचएआई के परियोजना निदेशक से मिला कसमार का प्रतिनिधिमंडल

बनगजरा इंटरचेंज की मांग के मामले पर पहल का मिला आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो । भारतमाला परियोजना के तहत कसमार प्रखंड के बनगजरा में इंटरचेंज की मांग को लेकर कसमार प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों व सामाजिक कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को धनबाद के बरवाअड्डा स्थित एनएचएआई कार्यालय के परियोजना निदेशक विशाल कुमार से मिलकर मांग पत्र सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में भाकपा माले नेता शकुर अंसारी, भाजपा नेता यदुनंदन जायसवाल, पोंडा पंचायत के मुखिया हारू रजवार, कॉंग्रेस नेता रमेश चंद्र महाराज, समाजसेवी सूरज जायसवाल, सामाजिक कार्यकर्ता शेखर शरदेंदु एवं धर्मेंदु शेखर मुखर्जी, भाकपा माले नेता अखिलेश्वर महतो व युगल करमाली शामिल थे। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कसमार के बनगजरा पुल में फोरलेन के दोनों किनारे इंटरचेंज की अनिवार्यता पर जोर देते हुए इसे जनहित के लिए ग्रामीणों की इस बहुप्रतीक्षित मांग पर त्वरित पहल करने की मांग की। इस दौरान सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने भी दूरभाष पर परियोजना निदेशक को जल्द से जल्द इस दिशा में पहल कर मांग पत्र को विभागीय अधिकारियों को अग्रसारित करने का निर्देश दिया। इस दौरान परियोजना निदेशक विशाल कुमार ने इस मामले को गंभीरता से सुनकर यह आश्वस्त किया कि वे जल्द से जल्द विभागीय अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य स्थल पर भेजकर इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई कर इसकी जांच रिपोर्ट विभागीय उच्चाधिकारियों को भेजेंगे, ताकि जल्द से जल्द बनगजरा में इंटरचेंज निर्माण की स्वीकृति मिल सके। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बनगजरा में इंटरचेंज की मांग सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने के समय से ही की जा रही है, लेकिन इस दिशा में विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान बनगजरा के पास बना टेढ़ा पुल को सीधा करने के मामले पर भी परियोजना निदेशक ने आश्वस्त किया कि जल्द ही इस दिशा में भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद प्रतिनिधिमंडल काफी प्रसन्न दिखे। आशा है जल्द ही इस मामले पर त्वरित समाधान के बाद इंटरचेंज का निर्माण संभव हो पायेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button