मेरठ

महाना की वायरल वीडियो पर उबले मेरठ के कांग्रेसी, FIR की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। राष्ट्रगान के दौरान कथित तौर पर मंच से चले जाने के मामले को लेकर मेरठ के कांग्रेसियों में आक्रोश है। महानगर कांग्रेस मेरठ के अध्यक्ष रंजन शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ थाना कोतवाली में तहरीर देकर राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय ध्वज के कथित अपमान के मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 22 अगस्त 2026 को उन्नाव में आयोजित ध्वजारोहण एवं झंडा सलामी परेड के दौरान राष्ट्रगान पूरा होने से पहले ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मंच से उतरकर चले गए। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में नाराजगी है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान के प्रतीक हैं। यदि राष्ट्रगान के दौरान वास्तव में इस प्रकार की घटना हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेंगे। इसी मांग को लेकर थाना कोतवाली के इंस्पेक्टर को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की जांच, विधि सम्मत कार्रवाई और मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की गई है।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान रंजन शर्मा, सलीमुद्दीन शाह, कमल जायसवाल, चौधरी शमसुद्दीन, के.डी. शर्मा, तेजपाल डाबका, राजकुमार शर्मा, सरदार वीर सिंह, प्रवीन कुमार, निसार अब्बासी, डॉ. इकबाल अहमद मोहिउद्दीन, सचिन शर्मा, नरेश नेगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button