सिंगरौली

एएनएम संघ ने आंदोलन का किया ऐलान, 1 सितंबर से काली पट्टी बांधकर जताएंगे विरोध

मांगों के निराकरण को लेकर सीएमएचओ और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। संयुक्त एएनएम एसोसिएशन एवं संविदा-नियमित कर्मचारी संघ भोपाल के आह्वान पर एएनएम कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। संघ पदाधिकारियों ने अपनी मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सिंगरौली और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया है।

संघ का कहना है कि एएनएम संवर्ग लंबे समय से अपनी जायज मांगों के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन अब तक ठोस समाधान नहीं हो सका है। कर्मचारियों ने एएनएम को नर्सिंग कैडर में शामिल करने, वेतन विसंगति दूर करने, 3200 रुपये ग्रेड-पे के आधार पर पदोन्नति देने, संविदा एएनएम को नियमित करने सहित कई मांगें रखी हैं।
इसके अलावा टीकाकरण, पीबीआई समेत वास्तविक कार्य करने वाले एएनएम कर्मचारियों को विभागीय लाभ देने और नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शासन स्तर पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार 25 अगस्त से ऑनलाइन कार्य बंद करने की चेतावनी दी गई है। वहीं 1 सितंबर से एएनएम कर्मचारी काली पट्टी बांधकर शासकीय कार्य करते हुए विरोध दर्ज कराएंगे।
2 सितंबर को जिला मुख्यालय पर कलेक्टर एवं सीएमएचओ के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 3 सितंबर को दो घंटे अतिरिक्त कार्य कर विरोध प्रदर्शन, 5 से 7 सितंबर तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन और 8 सितंबर को प्रदेशभर की एएनएम सामूहिक अवकाश लेकर मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करेंगी।
एएनएम संघ ने शासन से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करते हुए सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button