एमआईईटी स्कूल में कक्षा पांच की ‘संपदा’ प्रस्तुति ने दिया प्रकृति और संस्कृति संरक्षण का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। एमआईईटी पब्लिक स्कूल, पल्लवपुरम में सोमवार को कक्षा पांच के छात्र-छात्राओं ने ‘संपदा’ विषय पर आकर्षक कक्षा प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने रखा।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रधानाचार्या नवनीत चड्ढा के स्वागत से हुई। इसके बाद प्रधानाचार्या और अभिभावकों ने ज्ञान की देवी मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संस्कृत श्लोकों ने कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की छटा बिखेरी। इसके बाद प्रस्तुत किए गए सुविचार ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
‘संपदा’ विषय को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों ने लघु नाटक, पहेली और कविता के माध्यम से विभिन्न संपदा स्रोतों की जानकारी दी। बच्चों ने सुंदर नृत्य प्रस्तुति के जरिए पंच तत्वों का महत्व बताया। वहीं, वृक्ष और हरियाली को धरती की अमूल्य संपदा बताते हुए विद्यार्थियों ने गीत प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रस्तुतियों को अभिभावकों और शिक्षकों ने सराहा।
प्रधानाचार्या नवनीत चड्ढा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छोटे-छोटे कार्यक्रमों में भागीदारी बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाती है और उन्हें आगे बढ़कर ऊंची उड़ान भरने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से भी जोड़ने का प्रयास करता है, ताकि उनका उचित मार्गदर्शन हो सके।
कार्यक्रम में विद्यालय चैयरमेन विष्णु शरण अग्रवाल, वाईस चैयरमेन गौरव अग्रवाल और मैनेजर बरखा अग्रवाल का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। कक्षा अध्यापिका सरगम रस्तोगी ने कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कक्षा पांच की अध्यापिकाओं सुरभि शर्मा और सरगम रस्तोगी का विशेष योगदान रहा। वहीं, शिक्षिका कनिका पालीवाल ने भी आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



