मथुरा
सावन के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। सावन के अंतिम सोमवार को शहर के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। दिनभर मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे गूंजते रहे। रंगेश्वर महादेव, भूतेश्वर महादेव, पिपलेश्वर महादेव, गोकर्णेश्वर महादेव, नीलकंठेश्वर महादेव, गल्तेश्वर महादेव सहित शहर के अन्य शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने कतार में लगकर भगवान शिव के दर्शन किए। मंदिरों में विशेष पूजन-अर्चन के साथ शिवलिंग का आकर्षक श्रृंगार किया गया। शाम के समय मंदिरों में दर्शन के लिए भीड़ और बढ़ गई। श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ शिवालयों में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। भक्ति और आस्था से सराबोर वातावरण में पूरे दिन धार्मिक जयकारे गूंजते रहे। मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए।



