गाजियाबाद
ट्रॉनिका सिटी में पुलिस-एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 5 गांजा तस्कर गिरफ्तार
150 किलो से अधिक गांजा, दो फर्जी नंबर प्लेट वाली कारें और मोबाइल बरामद; ओडिशा से खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में करते थे सप्लाई
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने मंगलवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 23 पैकेटों में रखा 150 किलो से अधिक गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारें और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। बरामद गांजे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ट्रॉनिका सिटी पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गुर्जर चौक से शिव चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर खानपुर कट के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पांच लोगों को पकड़कर वाहनों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कारों से गांजा बरामद होने के बाद आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रिंस कुमार, आशीष कुमार, सोनू कुमार, राजा और रोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ओडिशा से कम कीमत पर गांजा खरीदकर बिहार के रास्ते दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाते थे और यहां इसे अधिक कीमत पर सप्लाई करते थे।
पुलिस का कहना है कि चेकिंग से बचने के लिए आरोपी वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलते थे। संयुक्त टीम ने दोनों कारों पर लगी नंबर प्लेटों की भी जांच की है।
पुलिस ने बरामद गांजा और वाहनों को कब्जे में लेकर पांचों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

