गाजियाबाद

नगरपालिका के चैयरमैन को पत्र लिखकर 

60 फुटा रोड को लिंक रोड घोषित कर अतिक्रमण हटाने और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  दिल्ली-सहारनपुर मुख्य मार्ग से गिरि मार्केट–सादुल्लाबाद–सभापुर 60 फुटा रोड को विधिवत संपर्क मार्ग (लिंक रोड) घोषित कराने, अतिक्रमण हटाने, वृक्षारोपण कराने और पूरे मार्ग पर पोल-माउंटेड एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर लोनी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सहित जिलाधिकारी गाजियाबाद को पत्र भेजा है।
चैयरमैन व अधिकारियों को सम्बोधित पत्र में मांग की गई  है कि गिरि मार्केट–सादुल्लाबाद–सभापुर 60 फुटा रोड लोनी क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, बच्चे, विद्यार्थी, श्रमिक और व्यापारी आवागमन करते हैं। मार्ग कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को भी दिल्ली-सहारनपुर मुख्य मार्ग से जोड़ता है।
अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण रात में कई हिस्सों में अंधेरा छाया रहता है। इससे राहगीरों, विशेषकर महिलाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठ नागरिकों को आने जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा असामाजिक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए पूरे मार्ग पर आवश्यकतानुसार एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की भी मांग की है।
60 फुटा स्वीकृत चौड़ाई के अनुसार सर्वे की मांग
पत्र में कहा गया है कि लोनी महायोजना/जीडीए के अनुसार उक्त मार्ग की चौड़ाई 60 फुटा स्वीकृत है। ऐसे में राजस्व और नगर पालिका अभिलेखों के आधार पर संयुक्त स्थलीय निरीक्षण एवं सर्वे कराकर मार्ग की वास्तविक चौड़ाई और उपलब्ध भूमि की स्थिति निर्धारित की जाए। मार्ग की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे और अतिक्रमण को नियमानुसार हटाकर इसे अतिक्रमणमुक्त कराया जाए।
वृक्षारोपण और जल निकासी की भी मांग
सुरेंद्र कुमार ने मार्ग के किनारे उपलब्ध उपयुक्त सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर योजनाबद्ध तरीके से वृक्षारोपण एवं हरित पट्टी विकसित कराने की मांग की है। साथ ही पौधों की सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने सड़क की मरम्मत, समतलीकरण, नाली एवं जल निकासी सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।
पत्र में नगर पालिका, विद्युत विभाग, यातायात पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का अनुरोध किया गया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button