गाजियाबाद
अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविदों ने पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बागराणप में देखी निपुण भारत मिशन की झलक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने और बच्चों की सीखने की क्षमता को बढ़ाने के लिए शिक्षिकाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी होने लगी है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को निपुण भारत मिशन के क्रियान्वयन एवं प्रभाव का अध्ययन करने के उद्देश्य से दक्षिण अफ्रीका, सेनेगल और ब्राजील से आए शिक्षाविदों के प्रतिनिधिमंडल ने लोनी स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय बागराणप का शैक्षिक भ्रमण किया।
विद्यालय पहुंचने पर विदेशी शिक्षाविदों का विद्यालय परिवार की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कक्षा एक में संचालित शिक्षण गतिविधियों का बहुत ही गहनता से अवलोकन किया। कक्षा 1-ए में शिक्षिका राधा रानी शर्मा तथा कक्षा 1-बी में शिक्षिका सोनिका डेढ़ा द्वारा कराए जा रहे गतिविधि पर आधारित शिक्षण कार्य को शिक्षाविदों ने खूब सराहा। उन्होंने बच्चों की सहभागिता और विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों में उनकी रुचि की भी खुले मन से प्रशंसा की।
इस दौरान ए.आर.पी. सुषमा रानी ने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विद्यालय में संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तार पूर्वक जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी। शिक्षाविदों ने शिक्षिकाओं के साथ निपुण भारत मिशन की कार्यप्रणाली, बच्चों के सीखने के स्तर तथा गतिविधि आधारित शिक्षण को लेकर आपस में चर्चा-परिचर्चा भी की।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान मॉडल भी विदेशी शिक्षाविदों के समक्ष पेश किए गए। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को देखकर प्रतिनिधिमंडल ने उनकी जमकर तारीफ की। उन्होंने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण, विद्यार्थियों की प्रतिभा तथा समस्त स्टाफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की अच्छे प्रयास के लिए प्रशंसा की। इस अवसर पर ए.आर.पी. रीना चौधरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
